अपराध
20 Jun, 2026

कार-बाइक की भिड़ंत में दो युवकों की मौत, एक गंभीर

उमरिया के मानपुर क्षेत्र में कार और बाइक की आमने-सामने हुई टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल होकर शहडोल रेफर किया गया है।

उमरिया, 20 जून।

जिले के मानपुर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मानपुर-जयसिंहनगर मार्ग पर खुटार के पास बाइक और कार की आमने-सामने हुई टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को बेहतर उपचार के लिए शहडोल मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।

जानकारी के मुताबिक गोवर्दे गांव के खैरभान टोला निवासी तीन युवक किसी रिश्तेदारी से वापस अपने घर लौट रहे थे। शनिवार सुबह घर से कुछ दूरी पहले खुटार स्थित फार्म हाउस के पास उनकी बाइक की एक कार से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे में रामकेश केवट की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल प्रदीप केवट ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानपुर ले जाते समय दम तोड़ दिया। तीसरे युवक हिमांशु केवट की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे उपचार के लिए शहडोल रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार कार चालक धीरेन्द्र महोबिया पर लापरवाही से वाहन चलाकर बाइक को टक्कर मारने का आरोप है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं जांच कार्य शुरू किया।

पुलिस ने कार चालक को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले में प्रकरण दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने बढ़ते सड़क हादसों पर चिंता जताते हुए तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा उपायों को और प्रभावी बनाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

|
आज का राशिफल

लेन-देन में स्पष्टता बनाये रखें। घर के सदस्य मदद करेंगे और साथ ही आर्थिक बदहाली से भी मुक्ति मिलने लगेगी। कोई प्रिय वस्तु अथवा नवीन वस्त्राभूषण प्राप्त होंगे। व्यापार व व्यवसाय में स्थिति उत्तम रहेगी। पदोन्नति की संभावना है। राजकीय कार्यों से लाभ। पैतृक सम्पत्ति से लाभ। शुभांक-7-8-9

आज का मौसम

भोपाल

27° / 35°

Sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़