रायगढ़, 20 जून।
तमनार क्षेत्र में बैंक के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल की डिक्की तोड़कर दो लाख रुपये चोरी करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में शामिल एक शातिर आरोपित को जशपुर जिले के पत्थलगांव क्षेत्र से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, चोरी की रकम से खरीदी गई नई बाइक और घटना में प्रयुक्त औजार बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार गौरबहरी गांव निवासी लोकेश्वर पटेल ने 8 जून को शिकायत दर्ज कराई थी कि वह अपेक्स बैंक से दो लाख रुपये निकालकर अपनी मोटरसाइकिल की डिक्की में रखकर तहसील कार्यालय चले गए थे। कुछ देर बाद लौटने पर डिक्की टूटी मिली और नकदी गायब थी।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने बैंक और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की। तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर संदेह विशाल उर्फ हरि नट पर गया। स्थानीय लोगों और पहचानकर्ताओं ने भी फुटेज में दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान उसकी ही बताई।
जांच में पता चला कि विशाल उर्फ हरि नट एक आदतन अपराधी है और किसी अन्य मामले में जेल में बंद है। इसके बाद पुलिस ने उसके सहयोगी धर्मेन्द्र नट उर्फ धर्मेन्द्र मीणा की तलाश शुरू की। सूचना के आधार पर पुलिस ने खेत क्षेत्र में घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया, जबकि उसके अन्य साथी फरार होने में सफल रहे।
पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर बैंक से नकदी निकालने वाले लोगों की रेकी की थी। इसके बाद मौका पाकर मोटरसाइकिल की डिक्की तोड़कर रुपये चोरी किए गए। आरोपित ने यह भी बताया कि चोरी की रकम में मिले हिस्से से उसने नई टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल खरीदी थी।
आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक, चोरी की रकम से खरीदी गई दूसरी मोटरसाइकिल और डिक्की तोड़ने में प्रयुक्त लोहे के औजार जब्त किए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और फरार अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।


















