जगदलपुर, 20 जून।
कलेक्ट्रेट स्थित आस्था हॉल में जिला टास्क फोर्स की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में कलेक्टर आकाश छिकारा और संयुक्त कलेक्टर एआर राणा ने जिले में तंबाकू नियंत्रण और नशा मुक्ति के प्रयासों की विस्तृत समीक्षा की।
विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारियों ने अपने कामकाज का ब्यौरा रखा। प्रशासन ने कोटपा एक्ट का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत स्वास्थ्य विभाग को साप्ताहिक आधार पर नियमित चालानी कार्रवाई करने को कहा गया है ताकि नियमों को तोड़ने वालों पर प्रभावी अंकुश लग सके।
बैठक में शैक्षणिक संस्थानों की सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया। शिक्षा विभाग को नगर निगम के साथ मिलकर सभी स्कूलों के 100 मीटर के दायरे में अनिवार्य रूप से रेड जोन लाइन बनवाने के निर्देश दिए गए हैं। यह कदम युवाओं और छात्रों को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के उद्देश्य से उठाया गया है।
प्रशासन ने आगामी 26 जून को नशा मुक्ति दिवस को बड़े स्तर पर मनाने की योजना बनाई है। इसके लिए सभी विभागों को विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। इस अवसर पर डीएसपी सुशांता लकड़ा और नारकोटिक्स विभाग के अधिकारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


















