फर्रुखाबाद, 20 जून।
जिले के अमृतपुर थाना क्षेत्र के पिथनापुर कोटियापुर गांव में नामकरण संस्कार के दौरान हुई हर्ष फायरिंग ने खुशी के माहौल को अफरा-तफरी में बदल दिया। शुक्रवार देर रात चली गोली लगने से एक टेंट मालिक समेत दो लोग घायल हो गए। दोनों घायलों का उपचार और मेडिकल परीक्षण राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया।
घायल टेंट संचालक वीरेंद्र के मुताबिक गांव के एक परिवार में पुत्र जन्म के बाद नामकरण संस्कार का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे और आयोजन के लिए टेंट की व्यवस्था भी की गई थी।
समारोह के दौरान अचानक हुई फायरिंग में वीरेंद्र और गांव निवासी मुकेश (25) घायल हो गए। वीरेंद्र ने बताया कि रात करीब 11 बजे वह कार्यक्रम स्थल पर भोजन कर रहा था। इसी दौरान एक व्यक्ति ने तमंचे से गोली चला दी, जो उसके हाथ में जा लगी। घटना में मुकेश भी घायल हो गया।
गोली चलने की आवाज के बाद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों के अनुसार समारोह के दौरान दो राउंड फायरिंग की गई थी।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


















