अपराध
20 Jun, 2026

देशी शराब ठेके के पीछे मिला युवक का शव, हत्या की आशंका

कानपुर के शिवगंज गांव में देशी शराब ठेके के पीछे युवक का शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए ठेका संचालक और कर्मचारियों पर आरोप लगाए हैं।

कानपुर, 20 जून।

बिधनू थाना क्षेत्र के शिवगंज गांव में शनिवार को एक युवक का शव देशी शराब ठेके के पीछे मिलने से सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए ठेका संचालक और कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान 38 वर्षीय चमनलाल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार शुक्रवार शाम गांव के बाहर स्थित देशी शराब ठेके पर उसकी एक सेल्समैन से कहासुनी हुई थी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया था।

शनिवार को चमनलाल घर से सब्जी लेने की बात कहकर निकला था, लेकिन कुछ समय बाद उसका शव ठेके के पीछे स्थित ट्यूबवेल के होद के पास पड़ा मिला। सूचना फैलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

ग्रामीणों का आरोप है कि शव मिलने के बाद ठेके पर मौजूद एक सेल्समैन दुकान बंद कर वहां से जाने की कोशिश कर रहा था। लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि अन्य लोग मौके से निकल गए।

परिजनों ने ठेका मालिक, सेल्समैन बाबू सिंह और अन्य लोगों के खिलाफ शिकायत देकर हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि जिस होद के पास शव मिला, उसमें पानी बहुत कम था। ऐसे में डूबने से मौत होने की संभावना संदिग्ध प्रतीत होती है। साथ ही मृतक की बनियान और अंगोछा भी मौके पर नहीं मिले।

पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

|
आज का राशिफल

लेन-देन में स्पष्टता बनाये रखें। घर के सदस्य मदद करेंगे और साथ ही आर्थिक बदहाली से भी मुक्ति मिलने लगेगी। कोई प्रिय वस्तु अथवा नवीन वस्त्राभूषण प्राप्त होंगे। व्यापार व व्यवसाय में स्थिति उत्तम रहेगी। पदोन्नति की संभावना है। राजकीय कार्यों से लाभ। पैतृक सम्पत्ति से लाभ। शुभांक-7-8-9

आज का मौसम

भोपाल

27° / 35°

Sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़