धर्मशाला, 20 जून।
हिमाचल प्रदेश में मादक पदार्थों के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन नया सवेरा के तहत कांगड़ा पुलिस को एक बहुत बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। सुरक्षाबलों की सीआईए टीमों ने गहन जांच के जरिए अंतरराज्यीय ड्रग्स सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए पंजाब से तीन मुख्य नशा तस्करों को दबोच लिया है।
पकड़े गए आरोपियों की शिनाख्त गौरव साहोता, उसके सगे भाई हनी और एक अन्य युवक हनी कुमार के रूप में हुई है। पुलिस महकमे को तकनीकी सबूतों, बैंक खातों के विश्लेषण और पहले पकड़े गए अपराधियों से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर इस गिरोह के ठिकानों का सुराग मिला था।
तफ्तीश में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि आरोपी हनी कुमार इस पूरे गिरोह के सरगना अभिषेक साहोता को हेरोइन पहुंचाने वाला मुख्य सप्लायर था। वही गौरव और हनी नामक दोनों भाई नशे की इस काली कमाई के पैसे का प्रबंधन और वित्तीय लेन-देन संभाल रहे थे।
पुलिस कप्तान अशोक रत्न ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि इन वांछितों को पकड़ने के लिए गठित विशेष टीमों को पंजाब के अलग-अलग इलाकों में भेजा गया था। पुलिस ने केवल ड्रग्स बरामदगी तक सीमित न रहकर इस सप्लाई नेटवर्क की जड़ों और आर्थिक तंत्र पर कड़ा प्रहार किया है।
कांगड़ा पुलिस की इस मुहिम के तहत अब तक पालमपुर थाने में कुल 3 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं। इस पूरे नेटवर्क से जुड़े 22 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है और उनके पास से 167.18 ग्राम हेरोइन, एक पिकअप गाड़ी तथा 18 डिजिटल उपकरण भी जब्त किए गए हैं।


















