नई दिल्ली, 20 जून।
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के जैतपुर इलाके में घरेलू विवाद के दौरान हुई मारपीट एक परिवार के लिए दर्दनाक त्रासदी बन गई। घटना में गंभीर रूप से घायल हुए दो वर्षीय मासूम की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में बच्चे के पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 19 जून को दोपहर में जैतपुर थाना क्षेत्र से एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी। सूचना में मिथापुर स्थित लखपत कॉलोनी पार्ट-2 में परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट होने की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
मौके पर मौजूद आरती ने पुलिस को बताया कि उसके पति चंदन शर्मा ने घरेलू विवाद के बाद उसके साथ और दोनों बच्चों के साथ मारपीट की। घटना में दो वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजन घायल बच्चे को तत्काल सफदरजंग अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज शुरू किया गया। हालांकि चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद 20 जून की सुबह बच्चे की मौत हो गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपित चंदन शर्मा पेशे से बढ़ई है और उसे शराब तथा अन्य नशीले पदार्थों की लत है। घटना के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि घटना के समय आरोपित नशे की हालत में था या नहीं।

















