जगदलपुर, 20 जून।
केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के सफल 12 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में जनसंपर्क विभाग की ओर से जगदलपुर के ऐतिहासिक सिरहासार चौक पर तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। शनिवार को क्षेत्रीय विधायक किरण देव ने फीता काटकर इस भव्य प्रदर्शनी का विधिवत उद्घाटन किया।
शुभारंभ के बाद विधायक ने वहाँ लगाई गई विशेष फोटो प्रदर्शनी का बारीकी से मुआयना किया। इस छायाचित्र प्रदर्शनी में केंद्र और सूबा सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन, देश की प्रगति और विभिन्न ऐतिहासिक उपलब्धियों को तस्वीरों के माध्यम से बेहद आकर्षक ढंग से दर्शाया गया है।
उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए विधायक किरण देव ने पीएम मोदी की कार्यशैली और दृढ़ नेतृत्व की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि देश सेवा में समर्पित रहते हुए प्रधानमंत्री ने राष्ट्र निर्माण में अभूतपूर्व योगदान दिया है, जिससे वैश्विक पटल पर भारत की एक नई और बेहद मजबूत साख स्थापित हुई है।
उन्होंने आगे कहा कि सरकार की नीतियां समाज के हर तबके के उत्थान के लिए समान रूप से काम कर रही हैं। मुफ्त राशन, पीएम आवास, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और सौर ऊर्जा जैसी जनकल्याणकारी नीतियां आम लोगों की जिंदगी बदल रही हैं। उन्होंने अपना खुद का उदाहरण देते हुए बताया कि 'हर घर सूर्य योजना' के तहत सोलर पैनल लगाने से उनके घर का बिजली बिल काफी घट गया है।
विधायक ने देश के बुनियादी ढांचे में हो रहे ऐतिहासिक बदलावों का जिक्र करते हुए कहा कि सड़कों का जाल, रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प और मेट्रो का विस्तार इसके जीवंत उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ समेत पूरा भारत अब नक्सलवाद से मुक्त होने की अग्रसर है और आर्थिक महाशक्ति बनने की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
इस गरिमामयी अवसर पर वेद प्रकाश पांडेय, रजनीश पाणिग्रही, आनंद झा, योगेंद्र पांडे, प्रकाश झा, अविनाश, रिंकू शर्मा सहित पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। इसके साथ ही जनसंपर्क विभाग के उप संचालक कमल कुमार बघेल, चंद्र शेखर कश्यप और विभाग के अनेक अधिकारी-कर्मचारी व आम नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।


















