छत्तीसगढ़
20 Jun, 2026

बस्तर में मानसून की दस्तक से पहले प्रशासन अलर्ट, बाढ़ प्रबंधन की तैयारी पूरी

बस्तर जिला प्रशासन ने आगामी मानसून के दौरान बाढ़ की संभावित स्थितियों से निपटने के लिए व्यापक आपदा प्रबंधन योजना तैयार कर ली है।

जगदलपुर, 20 जून।

बस्तर में आने वाले मानसून के मद्देनजर जिला प्रशासन ने बाढ़ आपदा से निपटने के लिए अपनी पूरी तैयारी कर ली है। कलेक्टर आकाश छिकारा की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिला स्तरीय बाढ़ आपदा प्रबंधन योजना को अंतिम रूप देते हुए इसे मजबूती प्रदान की गई है, ताकि आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।

प्रशासन ने जगदलपुर कलेक्ट्रेट में 24 घंटे काम करने वाला बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। किसी भी परेशानी या सूचना के लिए नागरिक 07782-223122 पर कॉल कर सकते हैं। इसके अलावा, आपातकालीन स्थिति में पुलिस सहायता के लिए 112 नंबर का उपयोग भी किया जा सकता है। प्रशासनिक अधिकारियों के मोबाइल नंबर भी सार्वजनिक कर दिए गए हैं।

इंद्रावती नदी के जलस्तर पर विशेष नजर रखी जा रही है। इसका वार्निंग लेवल 7 मीटर और डेंजर लेवल 8.30 मीटर तय किया गया है। ओडिशा के खातीगुड़ा डैम से पानी छोड़े जाने या जलभराव की स्थिति में केंद्रीय जल आयोग से समन्वय बनाकर मैदानी इलाकों को समय पर अलर्ट करने की व्यवस्था की गई है।

संभावित प्रभावित गांवों को प्रशासन ने पहले ही चिह्नित कर लिया है। इनमें बकावण्ड, जगदलपुर, लोहंडीगुड़ा और बस्तर तहसील के कई गांव शामिल हैं। इन इलाकों के निवासियों के लिए स्कूल भवनों, धर्मशालाओं और सामुदायिक केंद्रों में राहत शिविर आरक्षित किए गए हैं, जहां भोजन, पानी और दवाओं की पूरी व्यवस्था रहेगी।

स्वास्थ्य विभाग को इन शिविरों में स्वच्छता के लिए ब्लीचिंग पाउडर और क्लोरीन के छिड़काव के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, संपर्क टूटने की स्थिति में खाद्य सामग्री, मिट्टी तेल और ईंधन का पर्याप्त भंडारण करने के निर्देश खाद्य विभाग को दिए गए हैं।

लोक निर्माण और वन विभाग को सड़कों एवं पुल-पुलियों की निगरानी के निर्देश दिए गए हैं, वहीं विद्युत विभाग पेड़ों की छंटाई और तारों को दुरुस्त कर रहा है। रेस्क्यू ऑपरेशन को प्रभावी बनाने के लिए नावों और लाइफ जैकेट के साथ मॉकड्रिल की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से आपदा के समय धैर्य रखने और सूचना देने की अपील की है।

|
आज का राशिफल

लेन-देन में स्पष्टता बनाये रखें। घर के सदस्य मदद करेंगे और साथ ही आर्थिक बदहाली से भी मुक्ति मिलने लगेगी। कोई प्रिय वस्तु अथवा नवीन वस्त्राभूषण प्राप्त होंगे। व्यापार व व्यवसाय में स्थिति उत्तम रहेगी। पदोन्नति की संभावना है। राजकीय कार्यों से लाभ। पैतृक सम्पत्ति से लाभ। शुभांक-7-8-9

आज का मौसम

भोपाल

27° / 35°

Sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़