भोपाल, 20 जून।
शाहजहांनाबाद पुलिस ने किराना व्यापारी से हुई लूट की वारदात का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि घटना की पूरी साजिश व्यापारी की दुकान में काम करने वाले एक नौकर ने रची थी। पुलिस ने आरोपितों के पास से नकदी, चाकू और वारदात में इस्तेमाल किया गया वाहन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार प्रभुनगर ईदगाह हिल्स निवासी किराना कारोबारी दिलीप आरतवानी 16 जून की रात दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। उनके पास दुकान की बिक्री के करीब दो लाख रुपये थे, जिन्हें उन्होंने अपने वाहन की डिक्की में रखा हुआ था।
रास्ते में देवीबाई धर्मशाला के पास वाहन की रफ्तार कम होने पर स्कूटी सवार युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि एक बदमाश ने चाकू दिखाकर धमकाया, जबकि दूसरे ने डिक्की से नकदी निकाल ली। वारदात के बाद सभी आरोपित मौके से फरार हो गए।
मामले की जांच के लिए पुलिस ने विशेष टीमों का गठन किया। करीब 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज की जांच और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद संदिग्धों तक पहुंच बनाई गई।
जांच में खुलासा हुआ कि व्यापारी की दुकान में कार्यरत कर्मचारी ने ही रकम की जानकारी बाहर साझा की थी और लूट की साजिश तैयार की थी। इसके आधार पर पुलिस ने छोला निवासी प्रेम शर्मा और भानपुर निवासी अभिषेक पंथी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक लाख रुपये नकद, वारदात में प्रयुक्त चाकू और वाहन बरामद किया है। मामले में फरार तीसरे आरोपित की तलाश जारी है। साथ ही शेष राशि की बरामदगी के लिए भी पुलिस कार्रवाई कर रही है।


















