अपराध
20 Jun, 2026

रातभर चले अभियान में अवैध लकड़ी से लदे 10 वाहन जब्त

ऊना वन विभाग ने गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए विशेष अभियान में अवैध लकड़ी से लदे 10 वाहनों को जब्त कर वन अपराध के मामले दर्ज किए हैं।

ऊना, 20 जून।

वन संपदा की अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में ऊना वन विभाग को बड़ी सफलता मिली है। विभाग ने देर रात से सुबह तक चले सर्च ऑपरेशन के दौरान अवैध लकड़ी से लदे 10 वाहनों को जब्त किया है। सभी वाहनों में प्रतिबंधित प्रजातियों की लकड़ी होने की बात सामने आई है।

वन विभाग को अवैध लकड़ी तस्करी की गुप्त सूचना मिलने के बाद डीएफओ विकल्प यादव के निर्देश पर अंब और भरवाईं रेंज में विशेष टीमों का गठन किया गया। इसके बाद रात करीब एक बजे से सुबह आठ बजे तक अलग-अलग स्थानों पर व्यापक जांच अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान भरवाईं रेंज की टीम ने दो वाहन पकड़े, जबकि अंब रेंज में आठ वाहन जब्त किए गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पकड़े गए वाहनों में कुछ ऊना, देहरा और हमीरपुर डिवीजन क्षेत्रों से संबंधित बताए जा रहे हैं।

जांच के दौरान किसी भी चालक के पास लकड़ी परिवहन से संबंधित वैध परमिट या अनुमति पत्र नहीं मिला। अधिकारियों के मुताबिक वाहनों में प्रतिबंधित चौड़ी पत्ती वाली प्रजातियों की लकड़ी लदी हुई थी, जिसे बिना अनुमति के ले जाया जा रहा था।

वन विभाग ने सभी वाहनों को कब्जे में लेकर वन अपराध के प्रकरण दर्ज कर लिए हैं। अब यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद लकड़ी निजी भूमि से काटी गई थी या सरकारी वन क्षेत्र से लाई गई थी।

अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और लकड़ी के वास्तविक स्रोत के साथ इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। डीएफओ विकल्प यादव ने स्पष्ट किया कि अवैध कटान और वन संपदा की तस्करी के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

|
आज का राशिफल

लेन-देन में स्पष्टता बनाये रखें। घर के सदस्य मदद करेंगे और साथ ही आर्थिक बदहाली से भी मुक्ति मिलने लगेगी। कोई प्रिय वस्तु अथवा नवीन वस्त्राभूषण प्राप्त होंगे। व्यापार व व्यवसाय में स्थिति उत्तम रहेगी। पदोन्नति की संभावना है। राजकीय कार्यों से लाभ। पैतृक सम्पत्ति से लाभ। शुभांक-7-8-9

आज का मौसम

भोपाल

27° / 35°

Sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़