अपराध
20 Jun, 2026

23 दिन बाद जंगल से मिला विवाहिता का शव, प्रेमी गिरफ्तार

दक्षिण 24 परगना के हेनरी आइलैंड जंगल से 23 दिन से लापता विवाहिता का शव बरामद हुआ है, जबकि हत्या के आरोप में उसके कथित प्रेमी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

24 परगना, 20 जून।

बकखाली के हेनरी आइलैंड स्थित जंगल क्षेत्र से 23 दिनों से लापता एक महिला का सड़ा-गला शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान बकुलतला थाना क्षेत्र की रहने वाली राबिया फकीर (34) के रूप में हुई है। मामले में पुलिस ने हत्या के आरोप में उसके कथित प्रेमी जाहिरुल सरदार को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक शव को छिपाने और पहचान मिटाने के इरादे से जंगल में रेत के नीचे दबाया गया था। जांच के दौरान आरोपी से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस उसे घटनास्थल पर लेकर पहुंची, जहां से शव बरामद किया गया।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार राबिया और जाहिरुल के बीच लंबे समय से संबंध थे, लेकिन हाल के दिनों में दोनों के बीच विवाद बढ़ गया था। इसी बीच 26 मई को राबिया अचानक लापता हो गईं। इसके बाद परिजनों ने गुमशुदगी की शिकायत बकुलतला थाने में दर्ज कराई थी।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने 18 जून को जाहिरुल सरदार को हिरासत में लिया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह राबिया को 26 मई को बकखाली लेकर गया था। वहां हेनरी आइलैंड के जंगल में कथित तौर पर उसकी हत्या कर दी गई और शव को रेत में दबाकर छिपा दिया गया।

शुक्रवार रात बकुलतला थाना और फ्रेजरगंज तटीय थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को साथ लेकर जंगल में तलाशी अभियान चलाया गया। इसी दौरान महिला का शव बरामद हुआ। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए काकद्वीप अस्पताल भेज दिया गया।

मृतका के भाई अशरफ फकीर ने आरोप लगाया कि जाहिरुल ने उनकी बहन को प्रेम संबंध में फंसाने के बाद उसकी हत्या कर दी। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और सख्त सजा की मांग की है।

पुलिस अब इस पहलू की भी जांच कर रही है कि हत्याकांड और शव को ठिकाने लगाने की घटना में आरोपी के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका थी या नहीं।

|
आज का राशिफल

लेन-देन में स्पष्टता बनाये रखें। घर के सदस्य मदद करेंगे और साथ ही आर्थिक बदहाली से भी मुक्ति मिलने लगेगी। कोई प्रिय वस्तु अथवा नवीन वस्त्राभूषण प्राप्त होंगे। व्यापार व व्यवसाय में स्थिति उत्तम रहेगी। पदोन्नति की संभावना है। राजकीय कार्यों से लाभ। पैतृक सम्पत्ति से लाभ। शुभांक-7-8-9

आज का मौसम

भोपाल

27° / 35°

Sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़