फिरोजाबाद, 24 जून।
फिरोजाबाद जिले की खैरगढ़ थाना पुलिस ने दंपति से हुई लूट की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस और आरोपितों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार रविन्द्र कुमार अपनी पत्नी कुशमा देवी के साथ 23 जून की सुबह मोटरसाइकिल से अपनी ससुराल नगला पिपरानी से गांव भकारी जा रहे थे। रास्ते में सांती-हाथवन्त रोड पर कनवारा गांव के पास बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनकी पत्नी के कान का टॉप्स छीन लिया और फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
बुधवार को गश्त के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मामले में वांछित बदमाश थाना क्षेत्र में किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सांखिनी मोड़ के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर मोटरसाइकिल सवार दोनों संदिग्धों ने फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपित के बाएं पैर में गोली लगी और उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपित ने अपनी पहचान देवेन्द्र उर्फ करुआ के रूप में बताई। दूसरे आरोपित ने अपना नाम विशाल बताया, जिसे भी पुलिस ने दबोच लिया।
तलाशी के दौरान आरोपितों के कब्जे से महिला का छीना गया टॉप्स, दो अवैध तमंचे, कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपितों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
घायल आरोपित देवेन्द्र उर्फ करुआ को पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच पूरी कर आगे की विधिक प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी।













