News
उरई, 24 जून।
आटा थाना क्षेत्र में हुई एक बड़ी चोरी की वारदात का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लाखों रुपये मूल्य का सोना और नकदी बरामद की है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार 23 जून को मनोज सिंह ने थाना आटा में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी मां और बड़ी बहू के घर में रखे सोने के टुकड़े चोरी हो गए हैं। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की जांच में जुटी थाना आटा पुलिस ने स्वाट और सर्विलांस टीम के साथ मिलकर कार्रवाई की। बुधवार को चेकिंग अभियान के दौरान दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ और तलाशी के दौरान दोनों की संलिप्तता सामने आने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मिठ्ठू और अंकित द्विवेदी के रूप में हुई है। दोनों ग्राम पिपरांया के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से 135 ग्राम वजन के दो सोने के टुकड़े बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 21 लाख रुपये आंकी गई है।
इसके अलावा आरोपितों के पास से 97 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि बरामद सामान चोरी की घटना से जुड़ा हुआ है और मामले में आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा चुके हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।













