सोनभद्र, 24 जून।
सोनभद्र जिले के रायपुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक घर से पति-पत्नी के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक का शव फांसी के फंदे से लटका मिला, जबकि उसकी पत्नी मृत अवस्था में चारपाई पर पड़ी थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार मंगलवार शाम गुरौटी गांव निवासी 30 वर्षीय विकास अपनी 27 वर्षीय पत्नी आरती और चार वर्षीय बेटे के साथ बाइक से रायपुर स्थित अपने ससुराल आया था। रात में परिवार घर में ही रुका था। बुधवार सुबह घर में कोई गतिविधि दिखाई नहीं देने पर आसपास के लोगों को संदेह हुआ।
ग्रामीणों ने घर पहुंचकर आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घर का दरवाजा खोला तो अंदर का दृश्य देखकर सभी हैरान रह गए। कमरे में विकास का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ था, जबकि उसकी पत्नी आरती चारपाई पर मृत अवस्था में मिली।
पुलिस ने बताया कि महिला के मुंह और नाक से सफेद झाग निकल रहा था। दोनों की मौत हो चुकी थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल उच्च अधिकारियों को जानकारी दी और मौके की जांच शुरू कर दी।
बताया गया है कि मृतका के माता-पिता अपनी दो बेटियों और एक बेटे के साथ बाहर रहते हैं। घटना की सूचना दोनों पक्षों के परिजनों को दे दी गई है। दंपति का एक चार वर्षीय पुत्र भी घर में मौजूद था, लेकिन वह घटना के संबंध में कोई जानकारी देने की स्थिति में नहीं है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। परिजनों और अधिकारियों के पहुंचने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल संदिग्ध परिस्थितियों में हुई दोनों मौतों के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।













