जबलपुर, 24 जून।
लोकायुक्त पुलिस ने रिश्वतखोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक लेखापाल को 4 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एक शिक्षक के वेतन एरियर की शेष राशि जारी करने के बदले पैसे मांगने का आरोप है।
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार वारासिवनी विकासखंड के शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कायदी में पदस्थ सहायक शिक्षक नरेंद्र कुमार डोहरे ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनकी वेतन विसंगति से संबंधित जुलाई 2017 से दिसंबर 2023 तक का एरियर स्वीकृत हुआ था, जिसमें से अधिकांश राशि का भुगतान पहले ही किया जा चुका था।
शिकायतकर्ता का आरोप था कि शेष 27,528 रुपये की राशि निकालने की प्रक्रिया पूरी करने के लिए विद्यालय के लेखापाल वोमेंद्र कुमार रोकड़े उनसे 4 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे थे। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस ने मामले का सत्यापन कराया।
जांच के दौरान रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर अधिकारियों ने एक विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की योजना बनाई। तय रणनीति के तहत बुधवार को विद्यालय परिसर में ट्रैप कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान आरोपी लेखापाल को शिक्षक कक्ष में शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। इसके बाद लोकायुक्त टीम ने उसे हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी।
लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण में आगे की जांच और वैधानिक कार्रवाई जारी है।













