नई दिल्ली, 24 जून।
पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में महज 150 रुपये के विवाद ने एक युवक की जान ले ली। आरोप है कि तीन नाबालिगों ने मिलकर युवक पर चाकू से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के कुछ घंटों के भीतर पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए तीनों आरोपितों को पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक 22 जून को तिलक नगर थाने में एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी। कॉल करने वाली युवती ने बताया कि उसके भाई को चाकू मार दिया गया है और उसे दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पड़ताल में घायल युवक की पहचान पारस के रूप में हुई। उसके शरीर पर तीन चाकू के घाव मिले, जिनमें दो बाईं जांघ और एक पीठ पर था। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी।
मृतक की बहन ने पुलिस को बताया कि उसका भाई घर के पास घायल और बेहोशी की हालत में मिला था। उसे हमलावरों के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई। तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया सूचना के आधार पर तीन नाबालिगों की पहचान की गई। बाद में उन्हें चौखंडी स्थित बी-ब्लॉक के पास एक पार्क से पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि करीब 40 से 45 दिन पहले पारस ने उनमें से एक नाबालिग से 150 रुपये ले लिए थे और बाद में पैसे लौटाने से इनकार कर दिया था। इसी विवाद को लेकर उनके बीच रंजिश चल रही थी। 21 और 22 जून की रात तीनों ने पारस से इस मामले को लेकर बातचीत की, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि रात करीब 12:15 बजे तीनों ने पारस को दोबारा तलाश लिया और उसके साथ मारपीट की। इसी दौरान एक नाबालिग ने उस पर कई बार चाकू से वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल पारस ने बाद में दम तोड़ दिया। पुलिस ने तीनों नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें संरक्षण गृह भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है।













