उरई, 24 जून।
पेट्रोल पंप की डीलरशिप दिलाने का झांसा देकर एक किसान से 39 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में पुलिस ने एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामला जालौन जिले के कोंच कोतवाली क्षेत्र से जुड़ा है, जहां पीड़ित की शिकायत पर दर्ज मुकदमे में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को क्राइम ब्रांच ने दबोचा।
पुलिस के अनुसार भदारी गांव निवासी किसान शैलेंद्र कुमार गौतम को वर्ष 2020 में पेट्रोल पंप डीलरशिप दिलाने का भरोसा दिलाया गया था। आरोपी की बातों पर विश्वास कर उन्होंने बताए गए बैंक खाते में 39 लाख रुपये जमा कर दिए।
समय बीतने के बाद भी न तो डीलरशिप मिली और न ही जमा की गई रकम वापस हुई। इसके बाद किसान को अपने साथ हुई ठगी का पता चला और उसने कोंच कोतवाली में मामला दर्ज कराया।
जांच के दौरान आरोपी की पहचान बिहार के नालंदा जिले निवासी शिवकुमार रविदास के रूप में हुई। मुकदमा दर्ज होने के बाद से वह लगातार पुलिस से बचता फिर रहा था। काफी समय तक तलाश के बाद क्राइम ब्रांच और पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी लोगों को प्रतिष्ठित पेट्रोलियम कंपनियों की डीलरशिप दिलाने का लालच देकर अपने जाल में फंसाता था। इसके बाद उनसे बड़ी रकम जमा करवाकर गायब हो जाता था।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर उसके अन्य साथियों और संभावित पीड़ितों की जानकारी जुटाने में लगी है। इस मामले में एक अन्य आरोपी पहले ही जेल भेजा जा चुका है।













