प्रयागराज, 24 जून।
प्रयागराज जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र स्थित नेम तिवारी का पूरा गांव में मंगलवार देर रात चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। आरोप है कि बदमाश एक लाइसेंसी बंदूक भी अपने साथ ले गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और अन्य जांच टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी।
पीड़ित परिवारों के अनुसार देर रात बदमाश घरों में घुस आए और ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इसी दौरान परिवार के कुछ लोगों की नींद खुल गई। आरोप है कि विरोध की आहट मिलते ही बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग कर दी और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। गोली चलने की आवाज से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पीड़ित सुरेश तिवारी ने बताया कि घटना की जानकारी तत्काल नवाबगंज पुलिस को दी गई थी। उनका कहना है कि गांव थाना क्षेत्र से करीब चार किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, इसके बावजूद पुलिस को मौके पर पहुंचने में काफी समय लगा। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस लगभग एक घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंची।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम और सर्विलांस टीम को भी लगाया गया है। चोरी की इस वारदात के संबंध में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले के खुलासे के लिए कई टीमें काम कर रही हैं और जल्द ही आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा। फिलहाल चोरी गई संपत्ति और अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।













