प्रशासनिक खबरें
24 Jun, 2026

भोपाल में ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान शुरू, छात्रों-ग्रामीणों को किया जागरूक

भोपाल देहात पुलिस ने ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान की शुरुआत कर विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव, डिजिटल सुरक्षा और ऑनलाइन धोखाधड़ी की पहचान के बारे में जागरूक किया।

भोपाल, 24 जून।

साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक बनाने और डिजिटल सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भोपाल देहात पुलिस ने ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान की शुरुआत की। अभियान का शुभारंभ परवलिया सड़क थाना क्षेत्र में पुलिस अधीक्षक (देहात) पंकज कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में किया गया।

अभियान के तहत तारासेवनिया स्थित सेंट जोसेफ इंटरनेशनल स्कूल में विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को ऑनलाइन ठगी तथा साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी।

इस दौरान कक्षा 6वीं से 12वीं तक के करीब 320 छात्र-छात्राओं और 15 शिक्षकों ने भाग लिया। अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराधी फर्जी लिंक, ओटीपी धोखाधड़ी, सोशल मीडिया हैकिंग, ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड, नकली नौकरी के प्रस्ताव, बैंकिंग धोखाधड़ी और डिजिटल अरेस्ट जैसे तरीकों का इस्तेमाल कर लोगों को निशाना बना रहे हैं।

अभियान की थीम “रुको, सोचो, एक्शन लो” रखी गई है। वीडियो प्रस्तुति और संवाद के माध्यम से विद्यार्थियों को सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें अज्ञात लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी और पासवर्ड किसी के साथ साझा नहीं करने तथा सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की सलाह दी गई।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 और साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराने की ऑनलाइन प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी गई, ताकि किसी भी आपात स्थिति में लोग समय पर मदद प्राप्त कर सकें।

स्कूल कार्यक्रम के बाद पुलिस अधीक्षक ने परवलिया क्षेत्र के ग्रामीणों से भी संवाद किया। इस दौरान करीब 50 ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी, डिजिटल सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचने का सबसे प्रभावी उपाय है।

अभियान के विस्तार के लिए साइबर जागरूकता रथ को भी रवाना किया गया। यह रथ विभिन्न गांवों और सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर लोगों को साइबर अपराधों की पहचान, बचाव और शिकायत प्रक्रिया की जानकारी देगा।

भोपाल देहात पुलिस ने बताया कि आने वाले दिनों में स्कूलों, कॉलेजों, ग्राम पंचायतों, बाजारों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक नागरिक डिजिटल रूप से सुरक्षित और सतर्क बन सकें।

|
आज का राशिफल

आपके पूंजीगत निवेशों से भी लाभ होगा। पारिवारिक उत्तरदायित्व अधिक रहेंगे। पदोन्नति मिलने का योग है। आमदनी में वृद्घि होगी। यात्रा में सावधानी बरतें। क्षमता से अधिक कार्य करने से मर्ज बिगड़ सकता है। मनचाहा स्थानान्तरण मिल सकता है। अपने लक्ष्य के प्रति सजग रहें। शुभांक-2-5-6

आज का मौसम

भोपाल

24° / 34°

Heavy thunderstorm

ट्रेंडिंग न्यूज़