उज्जैन, 30 जून।
मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित महर्षि पाणिनि संस्कृत एवं वैदिक विश्वविद्यालय का छठा दीक्षांत समारोह आज कालिदास संस्कृत अकादमी के पं. सूर्यनारायण व्यास संकुल सभागार में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यपाल मंगुभाई पटेल करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे।
समारोह में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री इंद्रसिंह परमार, सांसद अनिल फिरोजिया और राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेश नाथ महाराज सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे। केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली के कुलपति प्रो. श्रीनिवास वरखेड़ी सारस्वत अतिथि के रूप में शामिल होंगे। विश्वविद्यालय के कुलगुरु आचार्य शिवशंकर मिश्र कार्यक्रम का मार्गदर्शन करेंगे।
दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय के कुल 63 विद्यार्थियों को स्नातक, स्नातकोत्तर और विद्यावारिधि (पीएचडी) की उपाधियाँ व पदक प्रदान किए जाएंगे। इसके साथ ही, भारतीय ज्ञान परंपरा और आध्यात्मिक क्षेत्र में अतुलनीय योगदान देने वाली दो प्रतिष्ठित विभूतियों को मानद डी.लिट्. उपाधि से सम्मानित किया जाएगा।
यह सर्वोच्च सम्मान स्वामी गोविंददेव गिरि महाराज और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्यातिप्राप्त संस्कृत विद्वान प्रो. (डॉ.) रमेश कुमार पाण्डेय को प्रदान किया जाएगा। स्वामी गोविंददेव गिरि महाराज वैदिक ज्ञान और भारतीय दर्शन के प्रखर व्याख्याता हैं, जिन्होंने समाज में आध्यात्मिक चेतना का प्रसार किया है। वहीं, प्रो. पाण्डेय संस्कृत शिक्षा, न्याय और भारतीय ज्ञान प्रणाली में अपने अंतरराष्ट्रीय शोध कार्यों और प्रशासनिक नेतृत्व के लिए जाने जाते हैं।









.jpg)






