वाराणसी, 30 जून।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की पत्नी रीना राय ने एक वीडियो जारी कर अपने पति की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है। रीना राय का आरोप है कि योगी सरकार की पुलिस ने आधी रात को नियमों को दरकिनार करते हुए उनके पति को गिरफ्तार किया है। उन्होंने दावा किया कि अजय राय का एकमात्र दोष यह था कि वे कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल के साथ अयोध्या में भगवान श्रीराम के दर्शन करने जा रहे थे।
रीना राय ने कहा कि इस कार्रवाई के संबंध में परिवार को कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी गई है, जिससे वे सभी बेहद तनाव में हैं। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि अजय राय की जान को खतरा है और पुलिस की इस कार्रवाई को उन्होंने लोकतंत्र की हत्या करार दिया है।
गौरतलब है कि अजय राय को अयोध्या के एक गेस्ट हाउस में बीती रात नजरबंद कर दिया गया था। इसके बाद अयोध्या पुलिस उन्हें हिरासत में लेकर किसी सुरक्षित स्थान पर ले गई है। अजय राय मंगलवार की सुबह कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करते हुए श्री रामलला के दर्शन और मंदिर ट्रस्ट के घेराव के कार्यक्रम में शामिल होने वाले थे। इस घटना के बाद से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है और पार्टी की ओर से इस कार्रवाई को विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास बताया जा रहा है।



















