रुद्रप्रयाग, 02 जुलाई।
केदारनाथ धाम की यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। यात्रा मार्ग पर स्थित मुनकटिया क्षेत्र में अचानक पहाड़ी से बड़े-बड़े पत्थर गिरने के कारण मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है। किसी भी अनहोनी को रोकने के लिए प्रशासन ने एहतियातन इस रूट पर यातायात और पैदल आवाजाही को तत्काल प्रभाव से रोक दिया है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि मार्ग को शीघ्र बहाल करने के लिए संबंधित विभागों की टीमें सक्रिय हो गई हैं। जेसीबी मशीनों की मदद से मलबे और चट्टानों को हटाने का काम युद्धस्तर पर जारी है। मार्ग को पूरी तरह सुरक्षित घोषित करने के बाद ही यहाँ यातायात को पुनः शुरू किया जाएगा।
प्रशासन ने सभी तीर्थयात्रियों से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें और सुरक्षा के दृष्टिकोण से अधिकारियों के निर्देशों का कड़ाई से पालन करें। श्रद्धालुओं को सलाह दी गई है कि वे मार्ग खुलने की आधिकारिक सूचना मिलने तक सुरक्षित स्थानों पर ही ठहरें और किसी भी प्रकार की जल्दबाजी न करें।
















