अंतरराष्ट्रीय संबंध
02 Jul, 2026

पीएम मोदी और साने ताकाइची ने किया मारुति सुजुकी के नए संयंत्र का उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने हरियाणा के आईएमटी खरखौदा में मारुति सुजुकी के अत्याधुनिक वाहन निर्माण संयंत्र का उद्घाटन किया, जहां 35 हजार करोड़ रुपये के निवेश से रोजगार, उत्पादन और हरित तकनीक को बढ़ावा मिलेगा।

नई दिल्ली, 02 जुलाई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हरियाणा के आईएमटी खरखौदा में मारुति सुजुकी इंडिया के अत्याधुनिक वाहन निर्माण संयंत्र का उद्घाटन किया। भारत-जापान संयुक्त आर्थिक मंच के दौरान राष्ट्र को समर्पित किया गया यह संयंत्र करीब 800 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया गया है। आधुनिक सप्लायर पार्क से सुसज्जित यह इकाई पूरी क्षमता से संचालित होने के बाद दुनिया की सबसे बड़ी वाहन निर्माण इकाइयों में शामिल होगी।

कंपनी इस परियोजना में करीब 35,000 करोड़ रुपये का निवेश कर रही है। फिलहाल संयंत्र में प्रतिवर्ष 5 लाख वाहनों के उत्पादन के साथ विनिर्माण शुरू हो गया है। अगले चरण में इसकी क्षमता बढ़ाकर 10 लाख वाहन प्रतिवर्ष की जाएगी। परियोजना पूरी होने पर यहां 21 हजार से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है।

मारुति सुजुकी ने इस संयंत्र को ‘स्मार्ट फैक्ट्री’ अवधारणा के तहत इंडस्ट्री 5.0 तकनीकों से विकसित किया है। उत्पादन की गुणवत्ता, सुरक्षा और दक्षता बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया गया है। साथ ही सौर ऊर्जा, बायोगैस, बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली और अन्य हरित ऊर्जा तकनीकों को भी शामिल किया गया है। संयंत्र की बिजली जरूरतें नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों से पूरी करने की योजना है।

कंपनी के अनुसार यह परियोजना भारत में मारुति सुजुकी की चार दशक से अधिक की यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव है। इसके साथ ही यह भारत-जापान आर्थिक साझेदारी को और मजबूती देगी। संयंत्र के पूरी क्षमता से संचालन के बाद कंपनी के प्रतिवर्ष 40 लाख वाहन उत्पादन क्षमता के लक्ष्य को हासिल करने में भी मदद मिलेगी।

सुजुकी समूह के प्रतिनिधि निदेशक एवं अध्यक्ष तोशिहिरो सुजुकी ने कहा कि कंपनी की सबसे आधुनिक निर्माण इकाई का उद्घाटन दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों द्वारा किया जाना गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में 5 लाख वाहनों की क्षमता वाले इस संयंत्र का भविष्य में विस्तार कर 10 लाख वाहन प्रतिवर्ष तक किया जाएगा। उन्होंने इसे 'मेक इन इंडिया' और भारत-जापान साझेदारी की सफलता का प्रतीक बताया।

उन्होंने यह भी बताया कि सुजुकी समूह की पहली बैटरी इलेक्ट्रिक एसयूवी 'ई-विटारा' का निर्माण विशेष रूप से कंपनी के गुजरात स्थित संयंत्र में किया जा रहा है। यहां से इस वाहन का निर्यात 100 देशों में किया जाएगा। उनके अनुसार भारत में अनुकूल नीतिगत माहौल के चलते कंपनी निवेश, रोजगार, निर्यात और तकनीकी विकास को लगातार गति दे रही है।

|
आज का राशिफल

समय नकारात्मक परिणाम देने वाला बन रहा है। ले देकर की जा रही काम की कोशिश ठीक नहीं। कार्यक्षेत्र में आगे बढऩे में रुकावट का एहसास होगा। विरोधियों के सक्रिय होने की संभावना है। कारोबारी यात्रा को फिलहाल टालें। जो चल रहा है उसे सावधानीपूर्वक संभालें। शुभांक-1-3-6

आज का मौसम

भोपाल

24° / 28°

Heavy thunderstorm

ट्रेंडिंग न्यूज़