मध्य प्रदेश
02 Jul, 2026

भोपाल में लोकायुक्त की ट्रैप कार्रवाई, एक लाख की रिश्वत लेते सेवानिवृत्त निरीक्षक गिरफ्तार

भोपाल में लोकायुक्त पुलिस ने नापतौल विभाग के सेवानिवृत्त निरीक्षक को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया, जबकि चार लाख रुपये की कथित रिश्वत मांगने के मामले में दूसरे अधिकारी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

भोपाल, 02 जुलाई।

लोकायुक्त पुलिस ने गुरुवार को रिश्वतखोरी के एक मामले में कार्रवाई करते हुए नापतौल विभाग के सेवानिवृत्त निरीक्षक हरिप्रसाद पटेल को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई बोर्ड ऑफिस चौराहे के पास स्थित इंडियन कॉफी हाउस के निकट की गई। मामले में नापतौल कार्यालय भोपाल के प्रभारी उप नियंत्रक एवं निरीक्षक नसीमुद्दीन पर चार लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है।

लोकायुक्त के अनुसार एमपी नगर जोन-2 स्थित बीपी भोपाल सिटी पेट्रोल पंप के संचालक अमित सिंह बघेल ने 24 जून को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि पेट्रोल पंप की जांच के दौरान तीन नोजल बंद कर प्रकरण बनाया गया और उसके निराकरण तथा मशीनों की स्टैम्पिंग के लिए चार लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई।

शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त पुलिस ने ट्रैप की योजना बनाई। गुरुवार को आरोप है कि नसीमुद्दीन के निर्देश पर सेवानिवृत्त निरीक्षक हरिप्रसाद पटेल रिश्वत की पहली किस्त के रूप में एक लाख रुपये लेने इंडियन कॉफी हाउस के पास पहुंचा। राशि स्वीकार करते ही पहले से तैनात टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

लोकायुक्त अधिकारियों के अनुसार मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। साथ ही प्रभारी उप नियंत्रक नसीमुद्दीन की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

यह कार्रवाई लोकायुक्त महानिदेशक योगेश देशमुख और उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार पाटीदार के निर्देशन में गठित टीम ने की। ट्रैप दल का नेतृत्व उप पुलिस अधीक्षक अजय मिश्रा ने किया, जबकि टीम में निरीक्षक कविंद्र चौहान, निरीक्षक रजनी तिवारी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।

|
आज का राशिफल

समय नकारात्मक परिणाम देने वाला बन रहा है। ले देकर की जा रही काम की कोशिश ठीक नहीं। कार्यक्षेत्र में आगे बढऩे में रुकावट का एहसास होगा। विरोधियों के सक्रिय होने की संभावना है। कारोबारी यात्रा को फिलहाल टालें। जो चल रहा है उसे सावधानीपूर्वक संभालें। शुभांक-1-3-6

आज का मौसम

भोपाल

24° / 28°

Heavy thunderstorm

ट्रेंडिंग न्यूज़