जयपुर, 02 जुलाई।
राजस्थान पुलिस की सीआईडी (क्राइम ब्रांच) ने करौली जिला पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। टोडाभीम थाना क्षेत्र के भनकपुरा (भैसीना) गांव में दो स्थानों पर दबिश देकर पुलिस ने 5.654 किलोग्राम अफीम और 7.52 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस दौरान एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (अपराध शाखा) के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। सीआईडी की विशेष टीम को सूचना मिली थी कि भैसीना गांव स्थित एक मंदिर परिसर में एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद करौली पुलिस के सहयोग से मौके पर दबिश दी गई।
पुलिस ने बताया कि कार्रवाई के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान राकेश उर्फ रूद्रगिरी (35) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके बैग से 5.654 किलोग्राम अवैध अफीम तथा 772 ग्राम गांजा के 350 तैयार पाउच बरामद किए गए, जिन्हें जब्त कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपित ने कथित रूप से बताया कि वह नशे का आदी है और अफीम व गांजे की पुड़ियां बनाकर बेचता था। उसने यह भी बताया कि मादक पदार्थ उसे भैसीना निवासी मिथुन धाकड़ उर्फ उत्तम उपलब्ध कराता था, जिस पर बड़े स्तर पर तस्करी नेटवर्क संचालित करने का आरोप है।
इसी दौरान पुलिस को गांव के ही योगेश धाकड़ के पास भी गांजा होने की सूचना मिली। टीम जब उसके घर पहुंची तो वह कथित रूप से प्लास्टिक का कट्टा लेकर मकान के अंदर गया और पीछे की दीवार फांदकर फरार हो गया। तलाशी के दौरान उसके घर से 6.280 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने बताया कि फरार आरोपित योगेश धाकड़ और मुख्य सप्लायर मिथुन धाकड़ उर्फ उत्तम की तलाश जारी है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

















