रक्षा व सुरक्षा
02 Jul, 2026

दिल्ली-एनसीआर हमले की साजिश नाकाम, चार आतंकी गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दिल्ली और पंजाब में कार्रवाई कर चार आतंकियों को गिरफ्तार किया, जिनके पास से हथियार, कारतूस और रेकी से जुड़े वीडियो बरामद हुए हैं।

नई दिल्ली, 02 जुलाई।

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दिल्ली और पंजाब में संयुक्त कार्रवाई करते हुए चार संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से एक जिगाना सहित दो पिस्टल, नौ कारतूस और पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इनमें तीन आरोपित पंजाब और एक दिल्ली से पकड़ा गया। जांच में सामने आया है कि सभी दिल्ली-एनसीआर में बड़े आतंकी हमले की साजिश की तैयारी में जुटे थे।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों की पहचान शुभदीप सिंह उर्फ विशाल, गुरजंत सिंह उर्फ ऋषि, साजन सिंह उर्फ हनी और गगनप्रीत के रूप में हुई है। चारों पंजाब के निवासी हैं और प्रारंभिक जांच में इनके आईएसआई हैंडलर शहजाद भट्टी से सीधे संपर्क में होने की जानकारी मिली है। गगनप्रीत के मोबाइल फोन से धार्मिक स्थलों, पुलिस थानों और अन्य पुलिस परिसरों की रेकी से जुड़े कई वीडियो भी बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक वह दिल्ली में रहकर लगातार वीडियो तैयार कर अपने आकाओं तक भेज रहा था। शुभदीप और गुरजंत आपस में सगे भाई हैं।

जांच एजेंसियों को सूचना मिली थी कि पाकिस्तान में बैठा आईएसआई हैंडलर शहजाद भट्टी अपने नेटवर्क के जरिए दिल्ली-एनसीआर में बड़ी आतंकी वारदात की साजिश तैयार कर रहा है। साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से पंजाब के युवाओं को लालच देकर अपने नेटवर्क से जोड़ने की कोशिश की जा रही थी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम अमृतसर पहुंची और मजीठा रोड क्षेत्र से शुभदीप सिंह को गिरफ्तार किया। उसके पास से .30 बोर की पिस्टल, पांच कारतूस और दो मोबाइल फोन मिले।

पूछताछ में शुभदीप ने बताया कि वह शहजाद भट्टी के माध्यम से पाकिस्तानी हैंडलरों के संपर्क में था और ड्रोन के जरिए हथियार व ड्रग्स प्राप्त करता था। इसके बाद पुलिस ने पंजाब में कार्रवाई कर गुरजंत सिंह और साजन सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पास से एक जिगाना पिस्टल, चार कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद हुए।

तीनों आरोपितों से पूछताछ के दौरान दिल्ली में मौजूद गगनप्रीत की जानकारी मिली। इसके बाद स्पेशल सेल ने दिल्ली में छापा मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसमें रेकी से जुड़े कई वीडियो और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। फिलहाल पुलिस चारों आरोपितों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।

|
आज का राशिफल

समय नकारात्मक परिणाम देने वाला बन रहा है। ले देकर की जा रही काम की कोशिश ठीक नहीं। कार्यक्षेत्र में आगे बढऩे में रुकावट का एहसास होगा। विरोधियों के सक्रिय होने की संभावना है। कारोबारी यात्रा को फिलहाल टालें। जो चल रहा है उसे सावधानीपूर्वक संभालें। शुभांक-1-3-6

आज का मौसम

भोपाल

24° / 28°

Heavy thunderstorm

ट्रेंडिंग न्यूज़