नई दिल्ली, 02 जुलाई।
देश का सबसे बड़ा वैश्विक वस्त्र मेला भारत टेक्स 2026 आगामी 14 से 17 जुलाई तक नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित होगा। इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में 20 से अधिक देशों की भागीदारी रहेगी और भारत के वस्त्र उद्योग की विविधता तथा व्यापकता को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित किया जाएगा।
वस्त्र मंत्रालय के अनुसार यह आयोजन मंत्रालय के सहयोग से भारत टेक्स ट्रेड फेडरेशन द्वारा आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य भारत के संपूर्ण टेक्सटाइल उद्योग को एकीकृत वैश्विक मंच उपलब्ध कराना और उसकी बढ़ती क्षमता को दुनिया के सामने प्रस्तुत करना है।
आयोजन के दौरान फैशन, स्थिरता, प्रौद्योगिकी, नवाचार, निवेश और अंतरराष्ट्रीय व्यापार से जुड़े विभिन्न पहलुओं को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा। इसके साथ ही वैश्विक वस्त्र उद्योग से जुड़े प्रमुख हितधारकों को एक मंच पर लाकर निवेश, नवाचार और अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा, जिससे भारत वैश्विक मूल्य श्रृंखला में अपनी स्थिति और मजबूत कर सके।
कार्यक्रम के दौरान लगभग 3,500 क्यूरेटेड बी2बी बैठकें, 100 से अधिक बी2जी बैठकें तथा व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी, सतत विकास, बाजार पहुंच और संस्थागत सहयोग से जुड़े 20 से अधिक समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर होने की संभावना है।
इस अवसर पर सीआईटीआई टेक्सटाइल सस्टेनेबिलिटी अवार्ड 2026, विभिन्न राज्य सत्र और अन्य देशों के साथ वस्त्र व्यापार से जुड़े विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
डिजिटल सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए भारत टेक्स 2026 का मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया गया है। ऐप के माध्यम से प्रतिभागियों को आयोजन स्थल पर नेविगेशन, प्रदर्शकों की जानकारी, बी2बी बैठकों का निर्धारण, डिजिटल बैज, क्यूआर आधारित लीड कैप्चर, लाइव एजेंडा और एआई आधारित सहायता जैसी सुविधाएं मिलेंगी। इसके अलावा प्रतिभागी आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से भी अपना पंजीकरण करा सकते हैं।

















