सतना, 03 जुलाई।
सतना जिले के सिंहपुर थाना क्षेत्र स्थित शिवराजपुर के समीप गाजीपुर माता मंदिर में चोरों ने दूसरी बार बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश मंदिर के गर्भगृह में घुसकर माता के चांदी जड़ित सिंहासन से करीब 22 किलो चांदी उखाड़कर ले गए। चोरी गई चांदी की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई है।
ग्रामीणों के अनुसार घटना बुधवार रात की है। गुरुवार सुबह जब पुजारी और श्रद्धालु मंदिर पहुंचे तो सिंहासन क्षतिग्रस्त मिला और उस पर लगी पूरी चांदी गायब थी। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।
ग्रामीणों ने बताया कि इसी मंदिर में 2 और 3 जून की दरम्यानी रात भी चोरी हुई थी। उस घटना में भी सिंहासन से चांदी चोरी हुई थी। उनका आरोप है कि पहली वारदात के बाद सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं किए जाने के कारण बदमाशों ने दोबारा मंदिर को निशाना बनाया।
स्थानीय लोगों के अनुसार चांदी जड़ित सिंहासन करीब दो वर्ष पहले उद्योगपति रुद्र प्रताप उरमलिया ने मंदिर को भेंट किया था। लगातार दूसरी चोरी के बाद ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले छह महीनों में शिवराजपुर क्षेत्र में करीब दस चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। इसे देखते हुए उन्होंने क्षेत्र में पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग उठाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

















