नोएडा, 03 जुलाई।
नोएडा के थाना सेक्टर-20 पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोबाइल चोरी करने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने विभिन्न स्थानों से चोरी किए गए 49 स्मार्टफोन बरामद किए हैं। पूछताछ में सामने आया कि दोनों भीड़भाड़ वाले इलाकों और मेट्रो स्टेशनों पर लोगों की जेब से मोबाइल फोन चोरी करते थे।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आसिफ और विक्की के रूप में हुई है। दोनों को सूचना के आधार पर सेक्टर-18 के पास से पकड़ा गया। उनकी निशानदेही पर बरामद मोबाइल फोन में आईफोन, सैमसंग, ओप्पो सहित विभिन्न कंपनियों के स्मार्टफोन शामिल हैं।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे नोएडा और एनसीआर के अलग-अलग मेट्रो स्टेशन तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लोगों को निशाना बनाकर मोबाइल चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस के मुताबिक दोनों ने एनसीआर में 200 से अधिक मोबाइल चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है।

















