बांदा, 03 जुलाई।
बांदा की कोतवाली नगर पुलिस ने ट्यूबवेल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से मोटर स्टार्टर, लोहे की पाइप, केबल तार सहित चोरी किया गया अन्य सामान बरामद किया है। मामले में आरोपियों से पूछताछ जारी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम मवई बुजुर्ग निवासी अनुरुद्ध प्रताप ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 28 जून की रात अज्ञात चोरों ने उनके ट्यूबवेल का ताला तोड़कर मोटर स्टार्टर, लोहे की पाइप, केबल तार और अन्य सामान चोरी कर लिया। शिकायत में यह भी बताया गया कि सिंचाई में इस्तेमाल होने वाली पाइप और अन्य सामान में आग भी लगा दी गई थी।
मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ युवक मवई चौराहे के पास स्थित एक कबाड़ की दुकान पर लोहे की पाइप बेचने की बातचीत कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से चोरी का सामान भी बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि केबल से तांबा निकालने के लिए उन्होंने केबल तार में आग लगा दी थी। उन्होंने यह भी बताया कि वे रात के समय ऐसे स्थानों की तलाश करते थे, जहां सामान लावारिस हो या रात में कोई मौजूद न हो, और वहां चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
गिरफ्तार आरोपियों में सुमित, रामबाबू, हरिशंकर और पप्पू शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई जारी है।

















