अजमेर, 03 जुलाई।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए एवीवीएनएल के एक टेक्नीशियन को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पॉली हाउस के लिए बिजली कनेक्शन जारी करने के बदले रिश्वत लेने का आरोप है। मामले में आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई जारी है।
पुलिस के अनुसार परिवादी ने अपने पिता और बड़े पिताजी के नाम ग्राम ढसूक स्थित कृषि भूमि पर पॉली हाउस के लिए बिजली कनेक्शन प्राप्त करने के उद्देश्य से आवेदन किया था। आरोप है कि कनेक्शन जारी करने के बदले 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई और इस संबंध में टेक्नीशियन बबलेश कुमार शर्मा से संपर्क करने के लिए कहा गया।
शिकायत के मुताबिक बाद में टेक्नीशियन बबलेश कुमार शर्मा ने व्हाट्सएप कॉल कर 15 हजार रुपये फोनपे के माध्यम से भेजने के लिए कहा और राशि मिलने पर फाइल जल्द स्वीकृत कराने का भरोसा दिया।
एसीबी ने शिकायत का गोपनीय सत्यापन कराया, जिसमें आरोपी द्वारा 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद योजनाबद्ध ट्रैप कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान आरोपी को फोनपे के माध्यम से 10 हजार रुपये की रिश्वत राशि प्राप्त करते ही गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में एसीबी ने आगे की जांच शुरू कर दी है।

















