जयपुर, 03 जुलाई।
जयपुर में मुहाना थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम की संयुक्त कार्रवाई में पिछले एक वर्ष से फरार चल रहे पांच हजार के इनामी बदमाश शेखर सिंह उर्फ सरजू बन्ना को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी जयपुर दक्षिण के टॉप-10 मोस्ट वांटेड अपराधियों में शामिल था। पुलिस ने उसके कब्जे से एक देशी कट्टा और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो भी बरामद की है। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है।
पुलिस के अनुसार शेखर सिंह उर्फ सरजू बन्ना ने शहर में दहशत फैलाने के उद्देश्य से 'एसबी7773' नाम से गैंग बना रखी थी। आरोप है कि यह गैंग अवैध कारोबार करने वालों को धमकाकर रंगदारी वसूलती थी और विरोध करने वालों के साथ मारपीट करती थी।
पुलिस ने बताया कि आठ अगस्त 2025 को पीड़ित निरंजन कुमार ने मुहाना थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि सुबह चाय पीने जाते समय सरजू बन्ना और उसके साथियों ने न्यू सांगानेर रोड पर उसकी कार रोककर मारपीट की और उसका अपहरण कर लिया। पीड़ित चलती कार से कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। इसके बाद आरोपियों ने फोन कर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी और रकम नहीं देने पर जान से मारने तथा वाहन तोड़ने की धमकी दी। बाद में उसकी कार में भी तोड़फोड़ की गई।
पुलिस के मुताबिक मुकदमा वापस नहीं लेने पर आरोपी और उसके साथियों ने पीड़ित के साथ दोबारा मारपीट की, जिसका मामला सांगानेर सदर थाने में दर्ज है। इसके बाद दबाव बनाने के लिए पीड़ित के भाई के साथ भी मारपीट की गई, जिसकी रिपोर्ट प्रताप नगर थाने में दर्ज कराई गई।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सरजू बन्ना के खिलाफ जयपुर के विभिन्न थानों में आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास, लूट, अपहरण, रंगदारी और मारपीट सहित 17 गंभीर मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से प्रताप नगर, सांगानेर सदर और मुहाना थाना पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था, जिस पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गठित विशेष टीम ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की सहायता से करणी विहार क्षेत्र से उसे गिरफ्तार किया। पुलिस अब उसकी गैंग, रंगदारी नेटवर्क और अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

















