मंदसौर, 03 जुलाई।
मंदसौर में शासकीय पीजी कॉलेज के सामने गुरुवार देर रात एक तेज रफ्तार कार ने पीछे से एंबुलेंस को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ने सड़क पर हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस चालक महिला मरीज को लेकर मंदसौर से उदयपुर जा रहे थे। रात करीब 11 बजे शासकीय पीजी कॉलेज के सामने पीछे से आई कार ने एंबुलेंस को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में एंबुलेंस में सवार मरीज और अन्य लोग सुरक्षित रहे, लेकिन वाहन क्षतिग्रस्त होने से आगे नहीं जा सका। बाद में दूसरी एंबुलेंस से मरीज को उदयपुर रवाना किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि कार के एयरबैग खुल गए और वाहन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद चालक सड़क पर लेट गया और काफी देर तक हंगामा करता रहा, जिससे मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
पुलिस के मुताबिक आरोपी चालक राम सिंह लोहार है, जो एक फाइनेंस कंपनी में फील्ड क्रेडिट ऑफिसर के रूप में कार्यरत है। पुलिस उसे थाने लेकर पहुंची, जहां भी उसकी गतिविधियां असामान्य बनी रहीं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 281 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

















