जैसलमेर, 03 जुलाई।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने जैसलमेर में कार्रवाई करते हुए पटवारी और उसके निजी दलाल को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।
एसीबी के अनुसार शिकायत में आरोप लगाया गया था कि परिवादी के पिता के खेत की पुनः तरमीम कर राजस्व रिकॉर्ड में इन्द्राज करने तथा पैमाइश की मौका रिपोर्ट उपलब्ध कराने के बदले अजासर पटवार हल्का के पटवारी लखवीर यादव अपने साथ काम करने वाले निजी व्यक्ति जेठुसिंह के माध्यम से 50 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। शिकायतकर्ता को इस कार्य के लिए लगातार परेशान भी किया जा रहा था।
शिकायत का सत्यापन होने के बाद एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। अभियान के दौरान पटवारी लखवीर यादव और उसके निजी दलाल जेठुसिंह को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया गया।
कार्रवाई के दौरान 50 हजार रुपये की रिश्वत राशि दलाल जेठुसिंह के कब्जे से बरामद हुई। एसीबी ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

















