फतेहपुर, 03 जुलाई।
फतेहपुर जिले में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी गोली लगने से घायल हो गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं उसका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार कल्यानपुर थाना क्षेत्र में बिंदकी रोड स्थित दादन खेड़ा मोड़ के पास भोर में संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक बोलेरो को रोककर तलाशी लेने का प्रयास किया गया। आरोप है कि वाहन सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने लगे। जवाबी कार्रवाई में हुई पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रतापगढ़ जिले के विसहिया गांव निवासी शाहनवाज उर्फ साहिल के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक वह कल्यानपुर थाने में दर्ज एक मामले में वांछित था। उसके खिलाफ फतेहपुर सहित अन्य जिलों के विभिन्न थानों में 24 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बोलेरो वाहन, अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस, दो मिस कारतूस, एक जिंदा कारतूस, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और दो हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है, जबकि फरार साथी की तलाश जारी है।

















