नई दिल्ली, 03 जुलाई।
पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर नशीले बिस्किट खिलाकर यात्रियों को निशाना बनाने वाले एक शातिर बदमाश को जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने रंगेहाथ पकड़ लिया। आरोपी उस समय एक बेहोश यात्री का सामान खंगाल रहा था, तभी नियमित गश्त कर रही टीम ने उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी के दो मोबाइल फोन, नशीली गोलियां, कैप्सूल, नशीला पाउडर और नशीले पदार्थ मिले बिस्किट का खुला पैकेट बरामद हुआ। जांच में सामने आया कि आरोपी पहले भी इसी तरह की वारदातों समेत आठ आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमरोहा निवासी फिरोज खान के रूप में हुई है। पीड़ित 24 वर्षीय विशाल भी अमरोहा का रहने वाला है, जो गुरुग्राम के गढ़ी हरसरू से गजरौला जाने के लिए यात्रा कर रहा था।
30 जून और एक जुलाई की दरम्यानी रात पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन थाना पुलिस तथा आरपीएफ की संयुक्त टीम नियमित रात्रि गश्त पर थी। इस टीम में एएसआई पवन, हेड कांस्टेबल जयपाल, कांस्टेबल विनोद, हेड कांस्टेबल रामेंद्र और कांस्टेबल शिशराम शामिल थे।
सुबह करीब चार बजे प्लेटफॉर्म नंबर-14 के पास गश्त के दौरान टीम ने एक यात्री ट्रेन के कोच में एक युवक को बर्थ पर बेहोश अवस्था में पड़ा देखा। वहीं दूसरा व्यक्ति उसका सामान खंगाल रहा था। पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उसकी तलाशी ली गई, जिसमें दो स्क्रीन लॉक मोबाइल फोन बरामद हुए। इसके अलावा नशीले पदार्थ मिले बिस्किट का खुला पैकेट, नशीली गोलियां, कैप्सूल और अन्य संदिग्ध दवाइयां भी मिलीं। बेहोश यात्री को तत्काल अस्पताल भेजा गया और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई।
पूछताछ में पता चला कि विशाल ट्रेन का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान उसकी मुलाकात फिरोज खान से हुई। बातचीत के बीच आरोपी ने उसे बिस्किट खाने के लिए दिए। आरोप है कि उन बिस्किटों में पहले से नशीला पदार्थ मिलाया गया था। बिस्किट खाने के बाद विशाल बेहोश हो गया और आरोपी उसका मोबाइल फोन तथा अन्य कीमती सामान लेकर फरार होने की कोशिश करने लगा। हालांकि संयुक्त गश्ती दल ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनमें एक मोबाइल पीड़ित विशाल का है। इसके अलावा नशीला पाउडर, नशीली गोलियां, कैप्सूल, नशीले पदार्थ मिला खुला बिस्किट पैकेट और एक कुरकुरे का पैकेट भी जब्त किया गया है। बरामद सामग्री को जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है। जांच में सामने आया कि फिरोज खान आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन और गाजियाबाद जीआरपी थानों में नशीला पदार्थ खिलाकर चोरी, चोरी का माल रखने और एनडीपीएस एक्ट सहित आठ मामले दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य साथियों की भी जांच कर रही है।
इस मामले में पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन थाने में एफआईआर संख्या 40/2026 भारतीय न्याय संहिता की धारा 123, 305(2) और 317(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि उसने इसी तरीके से और कितने यात्रियों को अपना शिकार बनाया है।

















