नई दिल्ली, 03 जुलाई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वार्षिक श्री अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए उनकी यात्रा के सुरक्षित और मंगलमय होने की कामना की है। उन्होंने कहा कि बाबा बर्फानी के दर्शन से जुड़ी श्री अमरनाथ यात्रा भारत की आध्यात्मिक परंपरा और सांस्कृतिक एकता का शाश्वत अध्याय है।
प्रधानमंत्री ने श्रद्धालुओं के नाम एक विशेष पत्र भी लिखा है। इस पत्र में उन्होंने यात्रा को पांच संकल्पों से जोड़ते हुए श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे इन संकल्पों को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। उनका मानना है कि इन मूल्यों को अपनाने से व्यक्तिगत जीवन के साथ-साथ समाज और राष्ट्र भी सशक्त होगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर अपने संदेश में लिखा कि बाबा बर्फानी के दर्शन से जुड़ी यह पवित्र यात्रा देश की आस्था, आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने सभी शिवभक्तों की यात्रा के सुरक्षित, सफल और मंगलमय होने की कामना करते हुए अपने पत्र को भी साझा किया।
हर वर्ष लाखों श्रद्धालु कठिन पर्वतीय मार्ग से होकर पवित्र अमरनाथ गुफा में प्राकृतिक हिम शिवलिंग के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। यह यात्रा देश की सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक यात्राओं में से एक मानी जाती है।

















