भागलपुर, 03 जुलाई।
भागलपुर के तिलकामांझी थाना क्षेत्र में चर्चित बिल्डर हत्याकांड का पुलिस ने 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि वैज्ञानिक जांच, सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर मामले का तेजी से पर्दाफाश किया गया। प्रकरण में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान मृतक की प्रेमिका सीमा कुमारी के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान उसने हत्या की बात स्वीकार करते हुए घटना से जुड़ी जानकारी दी। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार सहित अन्य महत्वपूर्ण सामान भी बरामद किया गया है।
जांच में सामने आया कि दो जुलाई को सूचना मिली थी कि बिल्डर बजरंग कुमार अपने कार्यालय से घर नहीं लौटे हैं। सूचना मिलने पर तिलकामांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची, जहां कार्यालय की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में उनका शव मिला। प्रारंभिक जांच में शरीर पर धारदार हथियार से किए गए कई वार के निशान पाए गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी का गठन किया गया। एफएसएल, डॉग स्क्वायड और तकनीकी टीम की सहायता से वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू की गई। इस दौरान सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और अन्य तकनीकी तथ्यों का विश्लेषण किया गया। इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर पुलिस सीमा कुमारी तक पहुंची और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में सीमा कुमारी ने बताया कि घटना वाली रात वह बजरंग कुमार के कार्यालय गई थी। वहां दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने। आरोपी का आरोप है कि इस दौरान उसके साथ क्रूर व्यवहार किया गया, जिससे वह आक्रोशित हो गई। उसके अनुसार, बजरंग कुमार के सो जाने के बाद उसने पास में रखे दबिया से उनके सिर पर वार किया। संघर्ष के दौरान उसने लगातार कई वार किए, जिससे उनकी मौत हो गई।

















