अपराध
03 Jul, 2026

9 हजार के विवाद में चली गोलियां, बुजुर्ग समेत तीन घायल

ग्वालियर के खेरियामोदी गांव में 9 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद में फायरिंग और मारपीट हुई, जिसमें एक बुजुर्ग को दो गोलियां लगीं और तीन लोग घायल हो गए।

ग्वालियर, 03 जुलाई।

ग्वालियर जिले के बिजौली थाना क्षेत्र के खेरियामोदी गांव में 9 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। गुरुवार देर रात हुई घटना में फायरिंग और लाठी-डंडों से हमला किया गया। इस दौरान एक बुजुर्ग को दो गोलियां लगीं, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का उपचार जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार साहब सिंह बघेल ने करीब एक वर्ष पहले गांव के ही दीपक पाल को नौ हजार रुपये ऑनलाइन उधार दिए थे। आरोप है कि लंबे समय तक रकम वापस नहीं मिलने के कारण दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ, जिसने देर रात हिंसक रूप ले लिया।

शिकायत के अनुसार रात करीब 10 बजे दीपक पाल, शिवराज, गौरव, सोनू और उनके अन्य साथी लाठी-डंडे तथा अवैध कट्टे लेकर राजेश पाल के घर पहुंचे। आरोप है कि घर में घुसकर गाली-गलौज की गई और विरोध करने पर राजेश पाल तथा उसकी बुजुर्ग मां के साथ मारपीट की गई। बीच-बचाव करने पहुंचे मोहर सिंह पर कथित तौर पर कट्टे से फायरिंग की गई, जिससे उन्हें दो गोलियां लगीं। गंभीर रूप से घायल मोहर सिंह को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

दूसरे पक्ष ने भी पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि मोहर सिंह बघेल, राजेश पाल, साहब सिंह, आनंद और राहुल ने उनके परिवार के साथ मारपीट की और फायरिंग भी की। इस घटना में दीपक पाल सहित दो-तीन लोग घायल हुए हैं, जिनका उपचार अस्पताल में चल रहा है।

घटना के दौरान हुई गोलीबारी और मारपीट से गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों के एकत्र होने पर आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और मामले की जांच जारी है।

|
आज का राशिफल

समय नकारात्मक परिणाम देने वाला बन रहा है। ले देकर की जा रही काम की कोशिश ठीक नहीं। कार्यक्षेत्र में आगे बढऩे में रुकावट का एहसास होगा। विरोधियों के सक्रिय होने की संभावना है। कारोबारी यात्रा को फिलहाल टालें। जो चल रहा है उसे सावधानीपूर्वक संभालें। शुभांक-1-3-6

आज का मौसम

भोपाल

24° / 28°

Heavy thunderstorm

ट्रेंडिंग न्यूज़