राजगढ़, 03 जुलाई।
राजगढ़ जिले की सारंगपुर पुलिस ने जंगल से चंदन की लकड़ी काटकर बेचने की साजिश का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 12.9 किलो चंदन की लकड़ी, बिना नंबर की मोटरसाइकिल और वारदात में इस्तेमाल की गई लोहे की कुल्हाड़ी जब्त की है। बरामद सामान की कुल कीमत 50 हजार 700 रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन व्यक्ति चोरी की चंदन लकड़ी लेकर सारंगपुर बेचने आने वाले हैं। सूचना के आधार पर किठोर रोड स्थित अंडरब्रिज के पास घेराबंदी की गई और बाइक सवार तीन आरोपियों को पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान उनके पास से 12.9 किलो चंदन लकड़ी और एक लोहे की कुल्हाड़ी बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने ग्राम आसारेटा के जंगल से चंदन के पेड़ काटकर लकड़ी चोरी की थी और उसे सारंगपुर निवासी एक व्यक्ति को बेचने जा रहे थे।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कथित खरीदार मोहसिन को भी गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद सभी चार आरोपियों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

















