भोपाल, 03 जुलाई।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारत और जर्मनी के बीच रणनीतिक एवं आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने में मध्य प्रदेश महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। शुक्रवार को मंत्रालय में जर्मनी के केएफडब्ल्यू डेवलपमेंट बैंक के चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर ऊर्जा क्षेत्र सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और जर्मनी के बीच दशकों पुराने मैत्रीपूर्ण संबंध हैं और प्रदेश सरकार जर्मनी के उद्योगपतियों व निवेशकों के साथ लगातार संवाद कर रही है। उन्होंने ऊर्जा क्षेत्र में केएफडब्ल्यू बैंक के सहयोग की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि इस साझेदारी से मध्य प्रदेश ऊर्जा दक्ष, हरित और समृद्ध राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि एनर्जी रिफॉर्म प्रोग्राम के तहत प्रदेश की विद्युत वितरण कंपनियों में स्मार्ट मीटर स्थापना और फीडर विभक्तिकरण के लिए लगभग 1,120 करोड़ रुपये का वित्तीय सहयोग दिया जा रहा है। इसके साथ ही एनर्जी रिफॉर्म फेज-2 के तहत विद्युत वितरण अधोसंरचना के विकास और सौर ऊर्जा आधारित कृषि फीडरों के विस्तार के लिए लगभग 200 मिलियन यूरो के अतिरिक्त वित्तीय सहयोग में भी रुचि व्यक्त की गई।
बैठक में केएफडब्ल्यू बैंक की सीईओ क्रिस्टियाने लाईबेक, कंट्री डायरेक्टर वूल्फन मूथ, जर्मन दूतावास के प्रतिनिधि गॉटफ्रीड वॉन सहित मध्य प्रदेश औद्योगिक विकास निगम और केंद्र सरकार के अधिकारी मौजूद रहे।

















