अपराध
03 Jul, 2026

जगन गुर्जर हत्याकांड में विष्णु जाट प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार

अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में डकैत जगन गुर्जर की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपित विष्णु जाट को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।

अजमेर, 3 जुलाई।

अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में कुख्यात डकैत जगन गुर्जर की हत्या के मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपित विष्णु जाट को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर लिया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उसे जेल से सिविल लाइन थाने लाया गया, जहां पुलिस उससे मामले के विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ कर रही है।

सीओ शिवम जोशी ने बताया कि आरोपित से हत्या के कारण, वारदात को अंजाम देने के तरीके और किसी संभावित साजिश के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस मामले में किसी अन्य बंदी या बाहरी व्यक्ति की कोई भूमिका थी या नहीं।

जांच के दौरान यह जानकारी भी सामने आई है कि घटना के समय जेल ब्लॉक में रेडियो चल रहे थे, जिसके कारण सुरक्षाकर्मियों को किसी प्रकार की संदिग्ध आवाज सुनाई नहीं दी। जेल खुलने के बाद घटना की जानकारी सामने आई, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।

मृतक जगन गुर्जर के परिजनों ने हत्या को साजिश करार देते हुए जेल प्रशासन, पुलिस और शासन से जुड़े लोगों की भूमिका पर भी आशंका जताई है। उपलब्ध जानकारी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, मौत का कारण गले की हड्डी टूटना बताया गया है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपित विष्णु जाट ने पुलिस को बताया कि जेल के भीतर जगन गुर्जर का काफी प्रभाव था और अन्य बंदी उसे 'जग्गू दादा' कहकर बुलाते थे। आरोपित का कहना है कि उस पर मानसिक दबाव बनाया जाता था, उसके साथ दुर्व्यवहार किया जाता था और उससे कपड़े धुलवाने सहित अपमानजनक व्यवहार किया जाता था। उसके अनुसार इसी तनाव और आपसी विवाद के चलते उसने हत्या की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस के मुताबिक, 29 जून को अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में दोनों बंदी एक ही बैरक में थे। सुबह नाश्ते के दौरान दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। बाद में दोनों लूडो खेल रहे थे। इसी दौरान आरोप है कि विष्णु ने अचानक जगन गुर्जर की पीठ पर पैर रखकर गमछे से उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि वारदात पूर्व नियोजित थी या तत्काल उत्पन्न हुए विवाद और आवेश के कारण अंजाम दी गई।

|
आज का राशिफल

समय नकारात्मक परिणाम देने वाला बन रहा है। ले देकर की जा रही काम की कोशिश ठीक नहीं। कार्यक्षेत्र में आगे बढऩे में रुकावट का एहसास होगा। विरोधियों के सक्रिय होने की संभावना है। कारोबारी यात्रा को फिलहाल टालें। जो चल रहा है उसे सावधानीपूर्वक संभालें। शुभांक-1-3-6

आज का मौसम

भोपाल

24° / 28°

Heavy thunderstorm

ट्रेंडिंग न्यूज़