शिवपुरी, 03 जुलाई।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया 5 जुलाई को शिवपुरी के दौरे पर रहेंगे। शहर के पोलो ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में दोनों नेता करीब 2,500 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित होने वाली ऑर्डिनेंस फैक्ट्री का शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी प्रस्तावित है।
दौरे की तैयारियों को लेकर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने समीक्षा बैठक कर कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बैठक में कलेक्टर एवं अन्य अधिकारियों के साथ मंच, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और आयोजन से जुड़ी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा आवश्यक निर्देश दिए गए।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पेयजल, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं और यातायात की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल तक आवागमन सुगम रखने और पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित बनाने पर भी जोर दिया।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों के साथ अलग से समीक्षा की गई। वीआईपी प्रोटोकॉल के अनुरूप सुरक्षा इंतजामों को मजबूत रखने के निर्देश दिए गए। बैठक में यातायात प्रबंधन और रूट प्लान की तैयारियों की भी जानकारी प्रस्तुत की गई।
समीक्षा बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। प्रभारी मंत्री ने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर कार्यक्रम को सफल बनाने के निर्देश दिए।

















