नई दिल्ली, 3 जुलाई।
भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने मिलावटी और फर्जी लेबल वाले उत्पादों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दक्षिण-पश्चिम दिल्ली स्थित एक खाद्य कारोबारी के परिसर से 50 हजार से अधिक संदिग्ध खाद्य पैकेट जब्त किए हैं। मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
खुफिया सूचना के आधार पर की गई संयुक्त कार्रवाई के दौरान जांच टीम ने पाया कि विभिन्न ब्रांडों के खाद्य और गैर-खाद्य उत्पादों पर निर्माण तिथि, एक्सपायरी डेट, बैच नंबर और अन्य लेबल संबंधी जानकारियों में कथित तौर पर अवैध बदलाव किए जा रहे थे। जांच में यह भी सामने आया कि भ्रामक विवरण दर्ज कर इन उत्पादों को बाजार में बिक्री के लिए तैयार किया जा रहा था।
छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने परिसर से स्टांप, रासायनिक सॉल्वेंट और लेबल छापने में इस्तेमाल होने वाली प्रिंटिंग मशीनें भी बरामद कीं। प्रारंभिक जांच के अनुसार इनका उपयोग उत्पादों के लेबल बदलने और उन पर फर्जी जानकारी अंकित करने के लिए किया जा रहा था।
एफएसएसएआई ने स्पष्ट किया कि खाद्य मिलावट, भ्रामक लेबलिंग और उपभोक्ता सुरक्षा से जुड़े मामलों में उसकी जीरो टॉलरेंस नीति है। प्राधिकरण ने कहा कि दोषियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 और अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को नकली ब्रांड या संदिग्ध खाद्य उत्पाद की जानकारी मिले तो इसकी सूचना फूड सेफ्टी कनेक्ट मोबाइल ऐप या एफओएससीओएस शिकायत निवारण पोर्टल के माध्यम से दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

















