राजनीति
03 Jul, 2026

दो दिवसीय उत्तर प्रदेश दौरे पर रहेंगे भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 4 जुलाई से दो दिवसीय उत्तर प्रदेश दौरे पर रहेंगे, जहां वे संगठनात्मक बैठकों, एनडीए नेताओं से संवाद, शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन और विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

लखनऊ, 03 जुलाई।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 4 जुलाई से उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह वरिष्ठ नेताओं, पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सहयोगी दलों के नेताओं और विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों के साथ बैठकें और संवाद करेंगे। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन को मजबूत करने के लिहाज से इस दौरे को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नई प्रदेश टीम के गठन के बाद यह उनका उत्तर प्रदेश का पहला दौरा होगा।

कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष 4 जुलाई को पूर्वाह्न 11 बजे लखनऊ स्थित चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे, जहां पार्टी कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद वह प्रदेश भाजपा मुख्यालय के लिए रवाना होंगे। एयरपोर्ट से मुख्यालय तक रोड शो निकाला जाएगा, जो आलमबाग, टी. एन. चतुर्वेदी चौराहा, चारबाग, दीनदयाल स्मृतिका, महाराणा प्रताप चौराहा और बर्लिंगटन चौराहा होते हुए भाजपा कार्यालय पहुंचेगा। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

भाजपा मुख्यालय पहुंचने के बाद नितिन नवीन प्रदेश पदाधिकारियों, क्षेत्रीय अध्यक्षों, प्रदेश मोर्चा अध्यक्षों और जिला अध्यक्षों के साथ संगठनात्मक बैठक करेंगे। इसके बाद वह हनुमान सेतु मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। शाम को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्रियों, सांसदों, विधायकों और विधान परिषद सदस्यों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद प्रदेश भाजपा कोर कमेटी के साथ भी विचार-विमर्श होगा। देर शाम वह पद्मश्री सम्मानित डॉ. विद्या बिंदु सिंह के आवास पर विभिन्न प्रमुख हस्तियों से मुलाकात करेंगे तथा रात्रि भोजन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ करेंगे।

दौरे के दूसरे दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्षों के साथ चाय पर संवाद करेंगे। इसके बाद एनडीए नेताओं की संयुक्त बैठक में शामिल होंगे। वह उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के साथ अलग-अलग बैठक भी करेंगे।

दोपहर में शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन को संबोधित करने के लिए राष्ट्र प्रेरणा स्थल पहुंचेंगे। शाम को वह लखनऊ के पीर नगर स्थित बूथ अध्यक्ष शिवाजी रावत के आवास पर जाकर बूथ स्तर पर चल रही संगठनात्मक गतिविधियों और कार्यक्रमों की समीक्षा करेंगे।

|
आज का राशिफल

समय नकारात्मक परिणाम देने वाला बन रहा है। ले देकर की जा रही काम की कोशिश ठीक नहीं। कार्यक्षेत्र में आगे बढऩे में रुकावट का एहसास होगा। विरोधियों के सक्रिय होने की संभावना है। कारोबारी यात्रा को फिलहाल टालें। जो चल रहा है उसे सावधानीपूर्वक संभालें। शुभांक-1-3-6

आज का मौसम

भोपाल

24° / 28°

Heavy thunderstorm

ट्रेंडिंग न्यूज़