नई दिल्ली, 03 जुलाई।
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने कर्नाटक के बेंगलुरु स्थित एक आईटी कंपनी के क्रेच में छोटे बच्चों के साथ कथित अमानवीय व्यवहार की घटनाओं का स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने इस मामले में कर्नाटक के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार यह मामला उस समय सामने आया, जब चाइल्ड हेल्पलाइन के एक अधिकारी को क्रेच परिसर से जुड़े कुछ वीडियो मिले। इनमें कथित तौर पर ड्यूटी के दौरान अपने बच्चों को क्रेच में छोड़ने वाले कर्मचारियों के बच्चों के साथ दुर्व्यवहार दिखाई देने का दावा किया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार वीडियो में कथित तौर पर नैनी द्वारा छोटे बच्चों के साथ गंभीर दुर्व्यवहार करते हुए दिखाया गया है। आरोप है कि बच्चों के साथ ऐसा व्यवहार किया गया, जिसे लेकर मामला सामने आने के बाद व्यापक चिंता व्यक्त की गई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एनएचआरसी ने राज्य सरकार से पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। आयोग ने दो सप्ताह के भीतर तथ्यों और की गई कार्रवाई से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने को कहा है।

















