धौलपुर, 3 जुलाई।
धौलपुर जिले के मनियां थाना क्षेत्र के विपरपुर गांव में बच्चों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल एक युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार गुरुवार शाम विपरपुर गांव में बच्चों के खेल के दौरान कहासुनी हुई थी। कुछ ही देर में विवाद परिजनों तक पहुंच गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि इस दौरान लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला किया गया। घटना में आगरा जिले के धनौली निवासी 21 वर्षीय गुलफाम गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजन घायल युवक को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान गुलफाम की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मनियां थाना प्रभारी नीरज कुमार शर्मा और वृत्ताधिकारी खलील अहमद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक पक्ष ने अनवर उर्फ अन्नू और उसके परिजनों पर हमला करने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बच्चों के विवाद के बाद परिजनों के हस्तक्षेप से मामला हिंसक हो गया।
गांव में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही पीड़ित परिवार की सुरक्षा के भी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आने की जानकारी मिली है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।

















