गोरखपुर, 3 जुलाई।
गोरखपुर की शाहपुर थाना पुलिस ने साइबर ठगी से अर्जित धनराशि का इस्तेमाल कर आभूषण खरीदने और धोखाधड़ी करने के मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मामले में अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान बिहार के गोपालगंज जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र स्थित उचका गाम निवासी धीरज सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार एक आभूषण शोरूम के प्रबंधक ने शाहपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि एक व्यक्ति ने अलग-अलग तिथियों में करीब 50 लाख रुपये के आभूषण खरीदे थे। इनकी कीमत का भुगतान विभिन्न फर्मों के नाम से संचालित बैंक खातों के माध्यम से किया गया था।
बाद में संबंधित फर्म के बैंक खाते को होल्ड किए जाने संबंधी बैंक से ई-मेल प्राप्त हुआ। इसमें बताया गया था कि खाते का उपयोग साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि के लेनदेन में किया गया है। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान सामने आया कि आभूषण खरीदने वाला व्यक्ति लगातार वीडियो कॉल के माध्यम से धीरज सिंह के संपर्क में था और उसी के निर्देश पर आभूषणों का चयन और खरीद की जा रही थी। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि धीरज सिंह और अन्य व्यक्तियों ने कथित रूप से आपराधिक षड्यंत्र के तहत साइबर ठगी से प्राप्त रकम का उपयोग कर आभूषण खरीदकर धोखाधड़ी की।
पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।

















