ग्वालियर, 03 जुलाई।
ग्वालियर जिले में 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत टीबी मरीजों को उपचार के साथ पोषण सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को कलेक्टर रुचिका चौहान ने पोषण आहारयुक्त फूड बास्केट वितरित कीं। कार्यक्रम कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित किया गया, जहां स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।
अभियान के तहत जिले में कुल 300 फूड बास्केट वितरित की जा रही हैं। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि मरीजों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने के साथ उपचार को प्रभावी बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने कहा कि टीबी से पूरी तरह स्वस्थ होने के लिए नियमित दवा के साथ संतुलित और पौष्टिक आहार भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि पोषण सहायता मरीजों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और उपचार को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि निक्षय मित्र योजना के तहत जनप्रतिनिधियों, उद्योगपतियों, व्यापारियों, सामाजिक संस्थाओं और सेवाभावी नागरिकों को भी इस अभियान से जोड़ा जाए, ताकि प्रत्येक टीबी मरीज तक पोषण सहायता पहुंचाई जा सके।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि विशेष अभियान के तहत टीबी मरीजों की समय पर पहचान, नियमित उपचार और पोषण सहायता पर लगातार काम किया जा रहा है। साथ ही जिलेभर में जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को टीबी के लक्षण, जांच, उपचार और पोषण के महत्व की जानकारी भी दी जा रही है।

















